हमीरपुर। बस अड्डे में स्थानीय टैक्सी यूनियन के सदस्यों ने हरियाणा क्षेत्र की बिना परमिट के सवारियां ढोने के आरोप में गाड़ियों को पकड़ा। इस दौरान बस अड्डे के नजदीक कुछ समय के लिए खूब गहमागहमी हुई। पुलिस के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ। हरियाणा से टैक्सी परमिट की एप्लाइड फॉर गाड़ी में चालक बुधवार के दिन हमीरपुर के नजदीकी किसी क्षेत्र में सवारी छोड़ने आया था। उसने वीरवार को चंडीगढ़ वापसी के दौरान एक एप के माध्यम से कुछ सवारियों को कम किराये पर चंडीगढ़ छोड़ने की पेशकश की थी। दो सवारियों को उसने अणु से उठाया। इसकी सूचना स्थानीय टैक्सी यूनियन के सदस्यों को मिल गई। इसके उपरांत करीब साढ़े 12 बजे कुछ सदस्य उस गाडी को बस अड्डे के नजदीक यूनियन के पास ले आए। इसकी सूचना उन्होंने ट्रैफिक पुलिस को भी दी। सूचना मिलते ही पुलिस भी तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने सबसे पहले गाड़ी चालक के दस्तावेज जांचे। उसके पास हिमाचल का परमिट नहीं पाया गया। जिला ट्रैफिक इंचार्ज राज कुमार ने बताया कि घटना की सूचना उन्हें प्राप्त हुई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परमिट न होने के चलते उसका चालान किया है।