भकेड़ा और मनोह में मतदान के लिए ग्रामीणों को किया जागरूक
भोरंज विधानसभा क्षेत्र में मत प्रतिशतता बढ़ाने का किया आह्वान
संवाद न्यूज एजेंसी
भोरंज(हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के अंतर्गत ग्राम पंचायत भकेड़ा और मनोह में बुधवार को मतदाता जागरूकता अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें खंड विकास अधिकारी भोरंज कुलवंत सिंह ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों में लोग आठ से दस किलोमीटर दूर पैदल चल कर वोट डालने के लिए जाते हैं लेकिन भोरंज विधानसभा क्षेत्र में सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा की तमाम सुविधाएं होने के कारण भी लोग वोट डालने में उदासीनता दिखा रहे हैं, है जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए ठीक नहीं है।भकेड़ा बूथ में विधानसभा के चुनाव में सबसे कम मतदान 64 प्रतिशत दर्ज किया गया है। इसी तरह भोरंज विस क्षेत्र के दस अन्य बूथों में भी 70 प्रतिशत से कम मतदान हुआ है। शिक्षित मतदाता होने के नाते लोकसभा के चुनाव में पहली जून को अधिक से अधिक मतदान करके कम वोट डालने के धब्बे को दूर करने का कार्य करें। चुनाव आयोग के निर्देश पर 414 विस क्षेत्रों में मतदान को बढ़ाने तथा वोटरों को जागरूक करने के लिए स्वीप कार्यक्रम शुरू किया गया है। लोगों को वोट के लिए जागरूक करने के लिए पंचायत प्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, महिला मंडल के सदस्यों, आशा वर्कर व स्कूली बच्चों का सहयोग लिया जा रहा है। उन्होंने लोगों से पहली जून को वोट देकर त्योहार की तरह लोकतंत्र का पर्व मनाने का आग्रह किया। स्वीप कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बधानी के प्रधानाचार्य अनिल डोगरा, स्वच्छ भारत मिशन के खंड समन्वयक कमल किशोर, बीएलएम पूजा देवी, भुक्कड़ स्कूल के अर्थशास्त्र प्रवक्ता पवन रांगड़ा सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।