टौणीदेवी (हमीरपुर)। पुलिस चौकी टौणीदेवी के तहत ग्राम पंचायत बारीं के चाहड़ गांव में वीरवार रात को स्थानीय ग्रामीणों ने मवेशियों को सड़क किनारे उतारने के संदेह पर एक पिकअप को रोक लिया। इसके बाद गांववासियों की ओर से पूछताछ करने पर पिकअप चालक अपनी स्थिति स्पष्ट नहीं कर पाया। पंचायत प्रधान को मौके पर बुलाया गया और स्थानीय पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई। बारीं पंचायत के प्रधान रविंद्र ठाकुर ने बताया कि चाहड गांव में वीरवार रात करीब 9:00 बजे एक पिकअप चालक और गाड़ी में बैठा एक अन्य व्यक्ति यहां मवेशियों को उतारने की फिराक में थे। पूछताछ में पता चला कि पिकअप चालक हमीरपुर के चबूतरा और दूसरा व्यक्ति सरकाघाट के चोलथरा क्षेत्र से संबंध रखता है। चालक को जब गांववासियों के एकत्रित होने की भनक लगी तो वह गाड़ी को भगा ले गया, लेकिन गांववासियों की मुस्तैदी के चलते चालक को करीब आधा किलोमीटर आगे ही पकड़ लिया गया। गाड़ी में एक बैल, एक गाय और दो बछड़ों समेत कुल चार मवेशी लदे थे। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार एक अन्य पिकअप, जिसमें भी मवेशी लदे होने की आशंका थी, वह भागने में सफल हो गया। उन्होंने बताया कि मवेशियों के कान पर लगे टैग भी निकाल दिए गए थे। जिस कारण यह आशंका जताई गई कि यह चालक इन मवेशियों को इस स्थान पर उतारने की तैयारी में था। टौणीदेवी कस्बे की बारीं, टपरे, बराड़ा और अन्य समीपवर्ती पंचायतों में रात को सुनसान क्षेत्रों में कुछ पिकअप चालकों की ओर से पालतू मवेशियों को छोड़ा जा रहा है। प्रधान रविंद्र ठाकुर की अगुवाई में चाहड़ गांव के लोग संबंधित गाड़ी चालक और अन्य व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस चौकी टौणी देवी पहुंचे। रविंद्र ठाकुर ने बताया कि सड़क किनारे मवेशी छोड़ने वाले लोगों के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्थानीय पुलिस से भी रात के समय गश्त करने का आग्रह किया है। खबर लिखे जाने तक पुलिस संबंधित ट्राला चालक से पूछताछ कर रही है। चौकी प्रभारी केवल सिंह ठाकुर ने बताया कि मामले की शिकायत वीरवार रात स्थानीय प्रधान ने की है। पुलिस टीम मौके पर भेजी गई। चालक से पूछताछ जारी है। ऐसे में मवेशी छोड़ने वाले लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।