सुजानपुर(हमीरपुर)। ऐतिहासिक चौगान सुजानपुर में शनिवार को एक कार चौगान में काफी देर तक दौड़ती रही। किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए कार चालक को पकड़कर चालान किया। ऐतिहासिक चौगान सुजानपुर में गाड़ियों का प्रवेश प्रतिबंधित है। इस चौगान में लोग सैर करने के लिए सुबह शाम आते हैं।
शनिवार को जब लोग धूप का आनंद ले रहे थे और बच्चे चौहान में खेल रहे थे तब एक कार चौगान में काफी देर तक यहां वहां घूमती रही। जिसकी सूचना मिलने पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गाड़ी का चालान किया। चौगान में वाहनों के प्रवेश पर पाबंदी है। यहां होली आदि बड़े आयोजनों पर ही वाहनों को प्रवेश की अनुमति प्रशासन द्वारा दी जाती है। बाकी दिनों में गाडिय़ों का चौगान में प्रवेश निषेध किया गया है। वहीं, इस बारे एसडीएम हरीश गज्जू ने कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस को इस बारे में कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि चौगान में वाहनों का प्रवेश वर्जित है। जहां से यह वाहन मैदान में प्रवेश कर रहे हैं उस प्रवेश द्वार को बंद करवाया जाएगा। वहीं, एसएचओ सतपाल शर्मा ने कहा कि वाहन को ट्रेस करके उसका चालान काटा गया। उन्होंने कहा कि चौगान में वाहनों का प्रवेश वर्जित है।