हमीरपुर के पनयाली चौक पर गहरी खाई में गिरी कार।
- फोटो : Hamirpur-HP
गलोड़ (नादौन)।
तहसील गलोड़ से पांच किलोमीटर दूर पन्याली चौक पर बजरंगबली मंदिर के समीप शनिवार को एक कार 50 फीट गहरे नाले में गिर गई। गनीमत रही कि कार में सवार नवदंपती बाल बाल बच गए। घायलों को गलोड़ अस्पताल लाया गया। जहां उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। शनिवार सुबह दस बजे के करीब एक नवदंपती रैल से नगैहरड़ा अपने ससुराल जा रहा था कि अचानक पन्याली चौक पर कार में तकनीकी खराबी आ गई और कार गहरे नाले उलटी जा गिरी। प्रत्यक्षदर्शियों सुदेश कुमार, प्यारे लाल, रफू ने तुरंत कंटीले नाले में उतरकर नवदंपती को बड़ी मुश्किल से कार सेे बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया। उसके बाद पुलिस चौकी गलोड़ को सूचना दी गई। घटना की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी राजेंद्र कुमार मौके पर पहुंच गए। घायलों को 108 एंबुलेंस में गलोड़ अस्पताल लाया गया। चिकित्सा अधिकारी स्वाति ने कहा कि महिला रजनी देवी बिल्कुल ठीक हैं जबकि, उनके पति रोहित डोगरा को अंदरूनी हल्की चोटें आई हैं। इस नवदंपती जोड़े की 9 दिसंबर को ही शादी हुई है। चौकी प्रभारी राजेंद्र कुमार ने कहा कि पन्याली चौक के पास कार गहरे नाले में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कार में सवार नवदंपती बाल बाल बच गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद इन्हें छुट्टी दे दी गई।