मतदान के बाद भोरंज से भाजपा प्रत्याशी डॉ. अनिल धीमान अपने घर पर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक क?
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। विधानसभा चुनाव में करीब एक माह से चल रही चुनावी भागदौड़ के बाद प्रत्याशियों के लिए रविवार का दिन राहत भरा रहा। मतदान खत्म होने के साथ ही प्रत्याशियों ने राहत की सांस ली है। रविवार को सभी प्रत्याशी चुनावी थकान मिटाते हुए देरी से बिस्तर से उठे। प्रत्याशी हल्का फुल्का राहत महसूस कर रहे हैं।
बीते एक माह से लगातार दिन-रात प्रचार अभियान, नुक्कड़ सभाओं, रैलियों, पद यात्राओं, रोड शो में जुटे प्रत्याशियों ने परिवार के साथ फुर्सत के पल बिताए और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर शुक्रिया अदा किया। प्रमुख राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों के घर पर सुबह से शाम तक मिलने वालों का जमावड़ा लगा रहा। अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में मतदान प्रतिशतता को लेकर प्रत्याशी गुणा-भाग में जुटे हुए हैं।
इस बार मतदाताओं की चुप्पी चर्चा का विषय बनी हुई है। वोटर खुलकर बोलने से परहेज कर रहे हैं। वोटरों की शांति अब धीरे-धीरे प्रत्याशियों के लिए चिंता का विषय बन रही है। वहीं, नादौन विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी सुखविंद्र सिंह सुक्खू सारा दिन घर पर रहकर कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेते रहे। इसी तरह नादौन से भाजपा प्रत्याशी विजय अग्निहोत्री ने रविवार सुबह 7 बजे तक नींद ली। रविवार सुबह आराम से उठ कर उन्होंने नादौन विधानसभा क्षेत्र के कई इलाकों से आए भाजपा कार्यकर्ताओं संग बैठक कर चुनाव के बारे में चर्चा कर आंकड़े इकट्ठे किए।
सुजानपुर से कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र राणा और भाजपा प्रत्याशी कैप्टन रणजीत सिंह राणा ने भी रविवार को अपने-अपने आवास पर लोगों से मिलते वक्त गुजारा। वहीं, बड़सर से भाजपा प्रत्याशी माया शर्मा और कांग्रेस प्रत्याशी इंद्रदत्त लखनपाल, भोरंज से भाजपा प्रत्याशी डॉ. अनिल धीमान, कांग्रेस प्रत्याशी सुरेश कुमार, हमीरपुर से कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा और भाजपा प्रत्याशी नरेंद्र ठाकुर समेत अन्य सभी प्रत्याशी अपने-अपने घर पर पार्टी कार्यकर्ताओं व लोगों को मिलते रहे। फिलहाल 8 दिसंबर को चुनावी नतीजे आने तक सभी प्रत्याशियों की धुकधुकी बरकरार रहेगी।