हमीरपुर। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) नई दिल्ली और दयानंद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल(डीएमसीएच) लुधियाना की ओर से हमीरपुर और नादौन में मिर्गी रोग जांच के लिए शिविर लगाए जाएंगे। एम्स नई दिल्ली के न्यूरोलॉजी विभाग के शोध अध्येता नवीन शुक्ला ने बताया कि नौ सितंबर को जिला आयुर्वेदिक अस्पताल हमीरपुर में सुबह 9:00 से दोपहर डेढ़ बजे तक शिविर लगाया जाएगा। इसी दिन दोपहर बाद ढाई बजे से सायं 5:00 बजे तक नागरिक अस्पताल नादौन में शिविर लगाया जाएगा। दोनों शिविरों में विशेषज्ञ चिकित्सक मिर्गी जैसे रोग से पीड़ित मरीजों की निशुल्क जांच एवं उपचार करेंगे। उन्होंने लोगों, विशेषकर मिर्गी के रोगियों से इन शिविरों का लाभ उठाने की अपील की है। संवाद