भरेड़ी (हमीरपुर)। कस्बा भरेड़ी से बस्सी वाया बड़ोह चलने वाली बस सेवा को बड़ोह से बजड़ौह संपर्क मार्ग तक चलाने की मांग उठाई है। ग्रामीणों ने कहा कि इस संपर्क मार्ग पर वर्तमान में कोई भी बस सेवा उपलब्ध नहीं है जिस कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। संपर्क मार्ग पर बस सुविधा न होने से यात्रियों, विद्यार्थियों, बुजुर्गों और महिलाओं को करीब एक किलोमीटर दूर बजड़ौह बड़ोह चौक तक पैदल जाकर बस पकड़नी पड़ती है। बरसात और गर्मी के मौसम में यह समस्या और अधिक बढ़ जाती है। कई बार मरीजों और स्कूली बच्चों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने प्रशासन और परिवहन विभाग से मांग की है कि भरेड़ी से बस्सी वाया बड़ोह चलने वाली बस सेवा को बड़ोह से बजड़ौह संपर्क मार्ग तक नियमित रूप से चलाया जाए। उन्होंने कहा कि यदि इस मार्ग पर बस सेवा शुरू होती है तो आसपास के गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और उनकी आवाजाही सुगम होगी। ग्रामीणों राजेश कुमार, विजय, संजय, रूप चंद, मिलखी राम, सुरेंद्र सहित अन्य लोगों ने विभाग से जल्द मांग को पूरा करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से क्षेत्रवासी बस सेवा की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।