उपचार के लिए आने पर नहीं मिल रही पार्किंग सुविधा
पार्किंग की समस्या का समाधान नहीं कर पाया कॉलेज प्रशासन
निजी पार्किंग भी महज एक, वह भी दिनभर वाहनों से रहती है फुल
सड़क किनारे वाहन खड़ा करने को मजबूर हैं यहां आने वाले लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में मरीजों को वाहनों में आना आफत बना हुआ है। आज तक यहां पर पार्किंग स्थल उपलब्ध नहीं हो पाया है। इससे मरीजों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। अस्पताल में हर तरह के मरीज आते हैं। कई चलने में सक्षम नहीं होते हैं। ऐसे में यह मरीज घरों से ही अपने वाहनोंं में अस्पताल पहुंचते हैं लेकिन अस्पताल के पास महज एक निजी पार्किंग है। वह भी दिनभर वाहनों से भरी रहती है। ऐसे में मरीजों के साथ तीमारदारों को पार्किंग के लिए अन्य स्थान देखना पड़ता है। वहीं, हड्डी रोग वार्ड में आने वाले मरीजों को तो ज्यादा परेशानी होती है। कई बार मरीज चलने में सक्षम नहीं होते। ऐसे में साथ आए तीमारदार गाड़ियां पार्क करने के लिए जगह देखने जाते हैं। इतने समय में मरीज को बाहर खड़ा होकर ही उनका इंतजार करना पड़ता है। कई बार सड़क किनारे भी वाहन पार्क कर दिए जाते हैं। इससे जाम की स्थिति बनी रहती है। मरीजों युद्धवीर, सुलेखा, संतोष, अश्वनी, विचित्र सिंह, कमलेश दत्ता आदि ने कहा कि यहां पर पार्किंग स्थल उपलब्ध करवाया जाना चाहिए। इस बारे में मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रमेश भारती ने कहा कि अस्पताल में सभी सुविधाएं हैं। जगह कम होने के कारण यहां पार्किंग की सुविधा मुश्किल है।