हमीरपुर में आयोजित राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के दौरान वाॅलीबाल में ऊना और किन्नौर की टीमें भिड़त
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल हमीरपुर में बुधवार को राज्यस्तरीय अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रदेश उच्च शिक्षा उपनिदेशक डॉ अमरजीत कुमार शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। राज्यस्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में 12 जिलों एवं एक खेल छात्रावास के कुल 420 खिलाड़ी कबड्डी, खो-खो और वॉलीबाल प्रतियोगिताओं में भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता के शुभारंभ पर मुख्यातिथि ने खिलाड़ियों को खेल की भावना से खेलने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खेलें बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अनिवार्य है।
एडीपीईओ मुख्यालय शिमला संतोष चौहान ने खेल प्रतियोगिता के बारे में जानकारी प्रदान की। एडीपीओ सुनील कपिल ने मुख्यातिथि को अवगत करवाया कि लड़कों की राज्यस्तरीय खेल प्रतियोगिता में हमीरपुर की टीम ने जूडो, ताइक्वांडो, कुश्ती में प्रथम स्थान एवं बास्केटबाल में द्वितीय स्थान हासिल किया है। उच्चतर शिक्षा उपनिदेशक हमीरपुर बीडी शर्मा, सीएमओ हमीरपुर डॉ. आरके अग्निहोत्री, प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक हमीरपुर कुलभूषण राकेश, बाल स्कूल हमीरपुर की प्रधानाचार्य नीना ठाकुर, कन्या स्कूल हमीरपुर के प्रधानाचार्य विजय गौतम सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के शुभारंभ पर कबड्डी का पहला मुकाबला कांगड़ा और ऊना के बीच खेला गया। इसमें कांगड़ा विजेता रहा।
दूसरे मैच में बिलासपुर ने चंबा, हमीरपुर ने लाहौल स्पीति को हराया। वॉलीबाल मैच बिलासपुर और चंबा के बीच खेला गया। इसमें चंबा ने बिलासपुर को तीन शून्य से हराया, दूसरा मैच कांगड़ा और लाहौल स्पीति के बीच खेला गया। इसमें कांगड़ा ने लाहौल स्पीति को तीन शून्य से हराया। वहीं, खो-खो प्रतियोगिता में मनाली ने कुल्लू, हमीरपुर ने बिलासपुर को हराया।