हमीरपुर। दुकान की जमीन का इंतकाल करवाने की एवज में सुर्खियों में आए राजस्व विभाग के कानूनगो से विजिलेंस ने 50 हजार रुपये बरामद कर लिए हैं। इसके साथ ही आरोपी ने विजिलेंस थाना में रिश्वत की बात भी कबूल कर ली है। अब विजिलेंस रिश्वत लेने के दौरान बनाए गए वीडियो को जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजेगी। हालांकि अभी तक आरोपी कानूनगो की गिरफ्तारी नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी कानूनगो एक नेता के बहुत करीबी है। जिसके चलते आरोपी की गिरफ्तारी से पूर्व विजिलेंस कई पहलुओं पर विचार कर रही है। ठोस सबूत और सारी औपचारिकताओं के पूरा होने के बाद ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा। उधर, डीएसपी विजिलेंस लालमन शर्मा ने कहा कि आरोपी कानूनगो से विजिलेंस ने रिश्वत के 50 हजार रुपये बरामद कर लिए हैं। राजस्व कानूनगो ने रिश्वत लेने की बात भी कबूल कर ली है। आगामी कार्रवाई जारी है।