रंगस/हमीरपुर। आयुष विभाग 29 अक्तूबर धनवंतरी जयंती को राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के रूप मनाएगा। इस वर्ष के राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस का विषय वैश्विक स्वास्थ्य के लिए आयुर्वेद नवाचार निर्धारित किया गया है। जिला आयुष अधिकारी डॉ. बृज नंदन शर्मा ने कहा कि 29 अक्तूबर को सुबह 10 बजे जिला आयुर्वेदिक अस्पताल में रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। जिले के अन्य चारों आयुर्वेदिक अस्पतालों बिझड़ी, लंबलू, कढियार और मनवीं में भी 29 अक्तूबर को बहुविशेषज्ञ आयुष मेडिकल जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे। जिला आयुष अधिकारी ने सभी लोगों से इन शिविरों का लाभ उठाने का आग्रह किया है। राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस का थीम है-वैश्विक स्वास्थ्य के लिए आयुर्वेदिक नवाचार। जिला आयुर्वेद चिकित्सालय हमीरपुर में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दिलीप ठाकुर के सहयोग से रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। सर्वप्रथम सभी चिकित्सालयों में हवन यज्ञ के साथ धनवंतरी पूजन किया जाएगा और उसके बाद शिविर आयोजित होंगे।