हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हरेक गांव में भाजपा ग्राम परिक्रमा यात्रा इन दिनों जारी है। हरेक किसान तक पहुंचने का लक्ष्य भाजपा किसान मोर्चा के माध्यम से तय किया गया है। उत्तर प्रदेश से 12 फरवरी से शुरू हुआ अभियान 12 मार्च 2024 तक पूरे देश में चलेगा। इस अभियान के तहत यह परिक्रमा यात्रा बुधवार को जिला मुख्यालय में पहुंची। गांधी चौक पर यात्रा के दौरान भाजपा नेताओं ने केंद्र सरकार की योजनाओं के पक्ष में नारेबाजी की।
हिमाचल प्रदेश किसान मोर्चा के सह संयोजक अजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से दस साल में किसान हित में किए गए कार्यों को इस यात्रा के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। केंद्र सरकार की ओर से संचालित किसान हित की योजनाओं को ग्राम स्तर तक पहुंचाकर किसानों को बताया जा रहा है।