नादौन में रिवर राफ्टिंग प्रतियोगिता के समापन पर मुख्यतिथि उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का ना
नादौन (हमीरपुर)। उपमंडल नादौन स्थित ब्यास नदी पर तीन दिवसीय एशियाई राफ्टिंग चैंपियनशिप के समापन पर रविवार को उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने विपक्ष पर जमकर निशाने साधे। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पांच राज्यों के चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है और भाजपा को इन चुनावों में पटकनी देगी। इन पांच राज्यों का चुनाव आज भाजपा की सबसे बड़ी चिंता है। दिल्ली में मुख्यमंत्री के साथ हुई मुलाकात पर उन्होंने कहा कि इस दौरान प्रदेश के विभिन्न मुद्दों पर भी विस्तृत चर्चा हुई है।
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पूर्व की भाजपा सरकार देश में वित्तीय अनियमितताओं के रूप से जानी जाएगी। पूर्व सरकार ने प्रदेश को वित्तीय कर्ज के तले डुबो दिया है। भाजपा ने विधानसभा चुनाव सरकारी खर्च पर ही लड़ा था। उन्होंने भाजपा की ओर से पेश आंकड़ों पर सवालिया निशान लगाते हुए कहा कि भाजपा नेता न जाने किस एजेंसी से इस तरह के आंकड़े जुटा रहे हैं। वर्तमान कांग्रेस सरकार ने प्रदेश में वित्तीय अनुशासन लाने की दिशा में कदम बढ़ाया है।
जयराम ठाकुर अंगुली काटकर शहीद बनने की कोशिश कर रहे हैं और वह हिमाचल विरोधी मानसिकता से कार्य कर रहे हैं। भाजपा नेता दिल्ली जाकर यही पता करते हैं कि प्रदेश को कोई पैसा रिलीज तो नहीं हो रहा है। इस बारे जनता सब जानती है। पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को घेरते हुए कहा कि जयराम ठाकुर हिमाचल के लिए जान देने की बात कहते हैं लेकिन जब हिमाचल के हित पर विधानसभा में प्रस्ताव लाया जाता है तो वह अपने दल के साथ वॉकआउट करते हैं। पूर्व सरकार के कार्यकाल में पहले भ्रष्टाचार के चलते हमीरपुर में अधीनस्थ चयन आयोग में जमकर धांधलियां हुईं, जिसका खामियाजा युवाओं को भुगतना पड़ रहा है।
क्रिप्टो करेंसी की जांच को सीबीआई में देने के मुद्दे पर उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की गठित एसआईटी ने बेहतरीन काम किया है और तीन पुलिस कर्मियों के अलावा फॉरेस्ट गार्ड को भी गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी देश छोड़कर भाग गए हैं। सरकार इंटरपोल की मदद लेकर उनको भी वापस लाने के लिए प्रयासरत है। 2018 से जब यह मामला आरंभ हुआ तब किस की सरकार थी, सब को पता है। वाटर सेस के मुद्दे पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश के पानी का हक प्रदेश सरकार का है और प्रदेश सरकार सच के मुद्दे पर फैसला ले चुकी है। बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों पर टैक्स लगाकर सरकार ने राजस्व बढ़ाने का काम किया है तो भाजपा अपने समय में इसे लागू क्यों नहीं कर पाई थी।