मेडिकल कॉलेज में इमरजेंसी वार्ड के साथ बने जन्म प्रमाण पत्र और स्वास्थ्य कार्ड एवं मेडिकल काउंट?
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर में आपातकालीन कक्ष के साथ ही अब जन्म प्रमाणपत्र बनेंगे। इसके साथ ही यहीं पर आयुष्मान और हिमकेयर कार्ड शुरू व बंद होंगे। अब 216 नंबर कमरे के स्थान पर जन्म प्रमाणपत्र और स्वास्थ्य कार्ड काउंटर इमरजेंसी वार्ड के साथ ही शुरू किए गए हैं। जबकि, पूर्व में यह 216 नंबर कमरे में चलते थे। अब लोग पूर्व की भांति ही 216 नंबर कमरे के पास जन्म प्रमाणपत्र और कार्ड सुविधाओं के लिए भटकते हैं। उन्हें अब यह सुविधा इमरजेंसी वार्ड के साथ नए बनाए गए काउंटरों पर मिलेगी।
अस्पताल प्रबंधन ने 216 नंबर कमरा ईएनटी विभाग को दे दिया है। जबकि, कार्ड व प्रमाणपत्र काउंटर के लिए एल्युमीनियम और शीशे की फिटिंग के तीन काउंटर बनाए गए हैं। जहां संबंधित उपकरण भी लगा दिए गए हैं। अब लोगों को अस्पताल के ज्यादा भीतर घुसने की भी जरूरत नहीं है। आपातकालीन कक्ष के प्रवेश द्वार से प्रवेश करते ही सामने यह काउंटर शुरू हुए हैं। जहां पर लोग अपने जन्म प्रमाणपत्र लेकर या स्वास्थ्य कार्ड खुलवाकर व बंद करवाकर वापस जा सकते हैं। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रमेश चौहान ने कहा कि नए काउंटरों में अब जन्म प्रमाणपत्र और स्वास्थ्य कार्ड सुविधाएं दी जा रही हैं। 216 नंबर कमरा ईएनटी विभाग को दिया गया है।