हमीरपुर। गौतम कॉलेज हमीरपुर में चल रही तीन दिवसीय अंतर महाविद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता का मंगलवार को समापन हो गया। समापन समारोह के मुख्यातिथि राजकीय महाविद्यालय ऊना के शारीरिक शिक्षा विभाग के प्रोफेसर डॉ. राजकुमार रहे। उन्होंने विभिन्न महाविद्यालयों से आए प्रभारियों, कोचों और खिलाड़ियों का आभार व्यक्त किया। गौतम महाविद्यालय के प्रबंध निदेशक जगदीश गौतम, सचिव डॉ. रजनीश गौतम व प्राचार्य डॉ. विजय शर्मा ने कोचों और प्रभारियों को शॉल व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। गौतम कॉलेज की छात्राओं ने भंगड़ा और नाटी की प्रस्तुति दी। अंतिम दिन चार मुकाबले खेले गए। पहला मुकाबला मंडी और शिलाई कॉलेज के बीच हुआ। इसमें शिलाई कॉलेज विजेता रहा। दूसरा मुकाबला बिलासपुर व ऊना कॉलेज के बीच हुआ। इसमें बिलासपुर विजेता रहा। मंडी व ऊना के बीच हुए मुकाबले में ऊना विजेता रहा। फाइनल मैच बिलासपुर और शिलाई कॉलेज के बीच हुआ। इसमें बिलासपुर कॉलेज विजेता रहा। वहीं, पहले स्थान पर बिलासपुर और दूसरे स्थान पर शिलाई व तीसरे स्थान पर ऊना की टीम रही। प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रही टीमों को सम्मानित किया गया।
(समाचार : सोनम शर्मा)