भरेड़ी वरिष्ठ नागरिक संघ के 27 सदस्यों ने ली रेडक्राॅस सोसाइटी की सदस्यता
संवाद न्यूज एजेंसी
जाहू (हमीरपुर)। वरिष्ठ नागरिक कल्याण संघ भरेड़ी की बैठक मंगलवार को हुई। इसमें भोरंज उपमंडल रेडक्राॅस सोसायटी के चेयरमैन एवं एसडीएम संजय स्वरूप बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहे। इस दौरान वरिष्ठ नागरिक संघ के 27 सदस्यों में रेडक्राॅस सोसायटी की सदस्यता ली और इन्हें 50 तक करने का संकल्प लिया। एसडीएम संजय स्वरूप ने कहा कि लंबे समय के बाद भोरंज में भारतीय रेडक्राॅस सोसायटी का गठन किया गया है। इनमें उपमंडल स्तर पर एसडीएम चेयरमैन, तहसीलदार, बीडीओ और बीएमओ सदस्य होते हैं। इसके अलावा 1000 रुपये के सहयोग शुल्क से सदस्य और 25000 रुपये के अनुदान से आजीवन सहयोगी सदस्य बन सकते हैं। संतोषी माता मंदिर लदरौर रेडक्राॅस सोसायटी के पैटर्न के रूप में कार्य करेगा तथा संदीप चौहान और संजय चौहान रेडक्राॅस सोसायटी के आजीवन सहयोगी सदस्य बने हैं। इसके अलावा भोरंज और धमरोल पंचायत के प्रतिनिधियों ने भी सदस्यता ग्रहण की। एसडीएम संजय स्वरूप ने सभी सदस्यों के सदस्यता ग्रहण करने पर बधाई देते हुए कहा कि भोरंज रेडक्राॅस सोसायटी एक मानवीय संगठन के रूप में कार्य करेयी। आपदा, आपातकाल के समय राहत प्रदान करने, कमजोर लोगों और समुदायों के स्वास्थ्य और देखभाल को ओर विशेष ध्यान देगी। गरीबों को लिए जीवदायिनी के रूप में कार्य किया जाएगा। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि भोरंज रेडक्राॅस सोसायटी के अधिक से अधिक सदस्य व आजीवन सहयोगी सदस्य बनें। इस दौरान वॉलीबाल खेल के अंतरराष्ट्रीय कोच विद्यासागर शर्मा, कर्म चंद सहगल, ब्लाॅक समिति भोरंज के चेयरमैन राजेंद्र सिंह गारला व अन्य उपस्थित रहे।