नादौन (हमीरपुर)। बीडीओ कार्यालय और एसडीएम कार्यालय में कर्मचारियों सहित बीडीओ अपराजिता चंदेल की कोरोना जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। वह एचआरटीसी उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री के संपर्क में आई थीं। हालांकि, यह संपर्क अग्निहोत्री के शिमला जाने से पूर्व 17 जुलाई को हुआ था। लेकिन, प्रशासन ने एहतियातन उनके भी सैंपल लेने के निर्देश दिए थे। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी स्पष्ट किया गया था कि अग्निहोत्री के शिमला प्रवास से पूर्व जो भी लोग उनके संपर्क में आए थे, उन्हें टेस्ट करवाने की आवश्यकता नहीं है। लेकिन, सावधानी के तौर पर एसडीएम व बीडीओ कार्यालय में कार्यरत कर्मचारियों व अधिकारियों के सैंपल करवाए गए थे। अब इन सभी लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।