सुजानपुर में बीडीओ कार्यालय भवन के लिए किया गया शिलान्यास।
सुजानपुर(हमीरपुर)। नगर परिषद सुजानपुर के वार्ड नंबर पांच में प्रस्तावित खंड विकास अधिकारी कार्यालय का निर्माण कार्य एक वर्ष बीत जाने के बाद भी शुरू नहीं हो पाया है। 3.30 करोड़ की लागत से बनने वाले विकासखंड अधिकारी कार्यालय भवन के निर्माण का शिलान्यास 10 अप्रैल 2022 को केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और तत्कालीन ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने किया था।
भवन निर्माण के लिए विभाग को 50 लाख रुपये का बजट स्वीकृत हुआ है। इसमें से प्रथम किस्त के तौर पर विभाग के पास 10 लाख रुपये की राशि पहुंच चुकी है, लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बाद भी निर्माण कार्य को लेकर कोई भी कार्रवाई शुरू नहीं हो पाई है। हालांकि शिलान्यास वाले स्थान पर विभाग की पांच कनाल निजी भूमि है। वर्तमान में खंड विकास अधिकारी कार्यालय मिनी सचिवालय में चलाया जा रहा है।
वहीं इस बारे में खंड विकास अधिकारी सुजानपुर राजेश्वर कुमार ने कहा कि पर्याप्त धनराशि आते ही कार्यालय भवन निर्माण कार्य का टेंडर आवंटित कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण कार्य को लेकर सभी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं।