पंचायतों के विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए कर्मचारियों को आदेश
अब भोरंज बीडीओ देखेंगे टौणी देवी ब्लॉक का अतिरिक्त कार्याभार
संवाद न्यूज एजेंसी
जाहू/भोरंज(हमीरपुर)। खंड विकास अधिकारी भोरंज कुलवंत सिंह ने वीरवार को टौणी देवी ब्लॉक कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय में उपस्थित कर्मचारियों से मिलकर पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों की रिपोर्ट ली। उन्होंने कर्मचारियों से पंचायत में विभिन्न योजनाओं के तहत हो रहे विकास कार्यों को ब्योरा लिया। कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं में धन की कोई कमी नहीं है लेकिन उसे समय पर पूरा करना पंचायत प्रतिनिधियों, सचिव व कर्मचारियों का कर्तव्य है। इसके लिए हर विकास कार्य के लिए समय अवधि निर्धारित की जाएगी। सभी कर्मचारियों को लक्ष्य तय करके कार्य करना होगा। भोरंज के साथ उनके पास टौणी देवी कार्यालय का भी अतिरिक्त कार्यभार रहेगा। उन्होंने पंचायत सचिवों की जल्द बैठक बुलाने के आदेश दिए ताकि पंचायतों में धीमे पड़े विकास कार्यों में और तेजी लाई जा सके। उन्होंने खंड कार्यालय से लंबित पड़े कई कार्यों को भी निपटाने और कर्मचारियों को कार्य को तेजी से करने के तरीके बताए।