14 से 16 मई तक होगा टूर्नामेंट, 13 मई तक टीमों का रजिस्ट्रेशन
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। संधोल में शहीद ऊधम चंद राणा मेमोरियल बास्केटबाल टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। जय माता जालपा यूथ क्लब की ओर से आयोजित टूर्नामेंट में जिले और प्रदेश स्तर की टीमें भाग लेंगी। टूर्नामेंट का आयोजन 14 से 16 मई तक होगा। इसमें भाग लेने वाली टीमें 13 मई तक अपना पंजीकरण करा सकती हैं। टूर्नामेंट में विजेता टीम को 31 हजार रुपये नकद और ट्राफी प्रदान की जाएगी और उपविजेता को 21 हजार नकद और ट्राफी प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम का आयोजन शहीद ऊधम चंद राणा के पुत्र अशोक राणा और अजय राणा के सौजन्य से किया जा रहा है। ऊधम चंद राणा ने कई वर्षों तक देश की रक्षा करने के मकसद से सेना में सेवाएं दीं। संधोल निवासी अशोक राणा बद्दी के प्रसिद्ध उद्योगपति और लघु उद्योग संघ हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष हैं। अशोक राणा हमेशा ही समाज सेवा में आगे रहे हैं और अपनी जन्मभूमि से जुड़े हैं। अशोक राणा अपने पिता की याद में बास्केटबाल टूर्नामेंट का आयोजन कर रहे हैं। राणा ने कहा कि क्षेत्र के युवाओं और खेल प्रेमियों के लिए हमेशा खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन करते रहेंगे।