बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में नव वर्ष की पूर्व संध्या पर बाबा के दर्शनों के लिए जाते श्रद्
बिझड़ी (हमीरपुर)। नववर्ष की पूर्व संध्या पर बाबा बालक नाथ का द्वार भजन-कीर्तन से गुंजायमान रहा। देश-विदेश से रविवार को यहां 25 हजार श्रद्धालु नतमस्तक हुए। नववर्ष पर बाबा का आशीर्वाद लेने के लिए भक्तों में खासा उत्साह दिखा। पूरा मंदिर परिसर बाबा के जयकारों से गूंजता रहा। मंदिर ट्रस्ट ने मंदिर को 24 घंटे खुला रखा है।
नव वर्ष के पिछले दिन रविवार होने से काफी संख्या में श्रद्धालु बाबा बालक नाथ की गुफा के दर्शन के लिए पहुंचे। देररात 12 बजे के बाद लंबी-लंबी कतारों में बाबा पौणाहारी के जयकारे लगाते हुए श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। पूरे मंदिर परिसर को बाबा बालक नाथ मंदिर ट्रस्ट की ओर से बेहतर तरीके से फूलों से सजाया हुआ है। हिमाचल के साथ-साथ देश-विदेश से काफी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचे हुए हैं। अधिकतर श्रद्धालु यह मान्यता लेकर आते हैं कि नव वर्ष की शुरुआत बाबा बालक नाथ मंदिर के गुफा दर्शनों के उपरांत हो। इससे बाबा बालक नाथ भक्तों की मनोकामनाएं पूरी करते हैं। मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष एसडीएम बड़सर रोहित शर्मा ने बताया कि नववर्ष के आगमन के लिए मंदिर ट्रस्ट की ओर से पूरी तैयारी की गई है। नव वर्ष की पूर्व संध्या पर रविवार के दिन लगभग 25 हजार श्रद्धालु पहुंचे हैं। इनमें से कई श्रद्धालुओं ने रविवार के दिन ही दर्शन किए जबकि कुछ श्रद्धालुओं ने रात के 12 बजे के बाद नव वर्ष के आगमन पर बाबा बालक नाथ पवित्र गुफा के दर्शन किए हैं। श्रद्धालुओं की बेहतरीन सुविधा के लिए मंदिर ट्रस्ट प्रयासरत रहता है।