दियोटसिद्ध (हमीरपुर)। बाबा बालकनाथ मंदिर दियोटसिद्ध में एक सप्ताह में 62.46 लाख रुपये का चढ़ावा हुआ। मंदिर में श्रद्धालुओं की आस्था लगातार बढ़ रही है। बीते सप्ताह बाबा के दरबार में भक्तों ने लाखों रुपये का चढ़ावा अर्पित किया। चैत्र मास के मेले नजदीक आने के साथ मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या में भी इजाफा होने लगा है। मंदिर प्रशासन के अनुसार सोमवार से रविवार तक श्रद्धालुओं ने कुल 62 लाख 46 हजार 892 रुपये का चढ़ावा बाबा के चरणों में चढ़ाया। इसके अलावा भक्तों ने छह ग्राम सोना और 190 ग्राम चांदी भी मंदिर में अर्पित की। देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दियोटसिद्ध पहुंचकर बाबा बालकनाथ के दर्शन कर रहे हैं और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं। मंदिर अधिकारी केशव कुमार ने कहा कि चैत्र मास के मेले को देखते हुए मंदिर प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।