टौणी देवी स्कूल में मासिक धर्म स्वच्छता पर आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला के दौरान उपस्थित छात्राए
हमीरपुर। राजकीय उत्कृष्ट माध्यमिक पाठशाला टौणीदेवी में शनिवार को छात्राओं के लिए मासिक धर्म स्वच्छता विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में स्कूल की 170 छात्राओं और महिला अध्यापकों ने भाग लिया। आर्ट ऑफ लिविंग की ओर से निर्मल ठाकुर ने कहा कि पवित्रा प्रोजेक्ट का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में संवेदीकरण कार्यक्रमों के माध्यम से लड़कियों को मासिक धर्म स्वच्छता पर ज्ञान और जागरूकता के साथ गोपनीयता, सुरक्षा और घर, स्कूल में और समुदाय में एक स्वच्छ तरीके से मासिक धर्म का प्रबंधन करने के लिए सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि मासिक धर्म आने से पहले का तनाव कम करने के लिए प्राणायाम, अधिक अथवा कम रक्त स्राव को नियंत्रित करने के लिए योगासन स्वस्थ्य पीरियड और खोए गए पोषक तत्वों की प्रतिपूर्ति के लिए उचित खुराक लेने के बारे में जागरूक किया। स्कूल प्रधानाचार्य रजनीश रांगड़ा ने कहा कि संस्था द्वारा चलाये जा रहे इस तरह के कार्यक्रमों से बेटियों को इस अति संवेदनशील विषय को समझने में आसानी होगी और उनका आने वाला जीवन अधिक स्वस्थ्य और प्रसन्नता से भरा होगा। इस मौके पर आर्ट ऑफ लिविंग की ओर से अंकित, सुनीता मुसाफिर, मीना शर्मा, लीना, सुमन, प्रोमिला, सोनिया, अदिति, नेहा, तनु सहित समस्त स्कूल स्टाफ मौजूद रहे।