सुजानपुर विधायक राजेंद्र राणा भटलंबर में जन समस्याएं सुनते हुए। (स्रोत: कांग्रेस)
सुजानपुर (हमीरपुर)। विधानसभा क्षेत्र सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा ने रविवार को बजरोल पंचायत के भटलंबर में जनसमस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि मुख्य सड़क भटलंबर से लेकर चमारड़ा गांव सड़क सुविधा से जुड़ेगा। इसका निर्माण कार्य शुरू करने के लिए विभागीय अधिकारियों को दिशा-निर्देश दे दिए हैं। इस दौरान उन्होंने सड़क निर्माण के लिए 10 लाख रुपये देने की भी घोषणा की। कहा कि टौणीदेवी में डिग्री काॅलेज खोलने का सपना पूरा होने जा रहा है।
काॅलेज के लिए जमीन शिक्षा विभाग के नाम स्थानांतरित हो गई है तथा भवन निर्माण के लिए करीब पांच करोड़ रुपये लोक निर्माण विभाग के पास जमा हो गए हैं। आगामी सत्र से टौणीदेवी में कला संकाय की कक्षाएं शुरू हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि काॅलेज खोलने का वादा पूरा हुआ है, उसी तरह अन्य वायदे भी चरणबद्ध तरीके से तय समय में पूरे किए जाएंगे। इसी मौके पर राणा की अगुवाई में भटलंबर गांव के दर्जनों परिवार कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए। इनका विधायक ने पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया।