जाहू (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के कस्बा जाहू में दुकानों से कीमत सूचियां गायब हैं। एक तरफ सब्जियों की बढ़ी हुई कीमतों के कारण लोग परेशान हैं तो दूसरी तरफ दुकानदार मनमानी कर रहे हैं। दुकानों पर रेट लिस्ट चस्पां न होने के कारण दुकानों पर ग्राहकों से सब्जियों और फलों के मनमाने दाम वसूले जा रहे हैं। एक दुकान पर एक ही चीज का अलग व दूसरी दुकान पर उसी फल व सब्जी का अलग दाम है। दुकानों पर कीमत सूची न लगाकर दुकानदार सरेआम विभागीय नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। भोरंज उपमंडल के मुख्य कस्बों जाहू, सुलगवान, पट्टा, लदरौर, उखली, बस्सी, तरकवाड़ी, मनोह व अन्य स्थलों पर सब्जी व फल विक्रेता दुकानों पर बिना कीमत सूची लगाए सब्जी व फलों के मनमाने दाम वसूले जा रहे हैं। उपभोक्ताओं सरोज कुमारी, प्रीतम चंद, राकेश कुमार, अमर सिंह, पवन कुमार, अशोक कुमार, संजय कुमार ने कहा कि सब्जियों व फल व अन्य दुकानों पर मूल्य सूची के अभाव में मनमाने दाम वसूले जा रहे हैं। इस पर विभाग को जल्द कार्रवाई करनी चाहिए। उधर, खाद्य आपूर्ति विभाग के निरीक्षक प्रकाश चंद ने कहा कि दुकानदारों को मूल्य सूची व फूड लाइसेंस लगाने के लिए समय-समय पर आदेश दिए जाते हैं। दुकानदारों और सब्जी-फल विक्रेताओं की ओर से बिना मूल्य सूची के सामान बेचा जा रहा है तो उनके खिलाफ शीघ्र कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
सब्जियों और फलों के दाम
जाहू में फूल गोभी 100 रुपये प्रति किलो, बंद गोभी 40 रुपये प्रति किलो, फ्रांसबीन 100 रुपये प्रतिकिलो, सेब 200 व 300 रुपये प्रतिकिलो, आलू 20 रुपये प्रतिकिलो व पहाड़ी आलू 40 रुपये प्रतिकिलो, शिमला मिर्च 160 रुपये प्रतिकिलो, टमाटर 200 रुपये, खीरा 40 रुपये किलो, भिंडी 60 रुपये प्रतिकिलो, प्याज 30 रुपये प्रतिकिलो, आम 100 रुपये, हरी मिर्च 100 रुपये, अनार 200 रुपये प्रति किलो, जमीकंद 100 रुपये प्रतिकिलो, सेब 180 रुपये प्रति किलो, नाशपाती 140 रुपये प्रतिकिलो के हिसाब से बिक रहे हैं।