स्थानीय बाजार हमीरपुर में सड़क पर सजाया गया सामान। संवाद
हमीरपुर। स्थानीय बाजार में अतिक्रमण से शहर की सुंदरता को ग्रहण लग रहा है। त्योहारी सीजन के बाद बाजार का निरीक्षण न होने से रेहड़ी धारक अवैध तरीके से शहर में जगह-जगह रेहड़ियां खड़ी कर रहे हैं। यहां पर नगर परिषद हमीरपुर के कार्रवाई के दावे हवाई साबित हो रहे हैं।
सड़कों, फुटपाथ और नालियों पर सजे सामान के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को आवाजाही में मुश्किलों का सामना कर पड़ रहा है। मुख्य बाजार गांधी चौक, बस स्टैड, अस्पताल चौक सहित नए रोड के किनारे दुकानदार सुबह ही सामान सड़क, फुटपाथ और नालियों पर सजा देते हैं। नगर परिषद हमीरपुर के पास वर्तमान में 200 के करीब रेहड़ियां पंजीकृत हैं लेकिन कुछेक दुकानदार अपनी दुकानों के सामने रेहड़ी धारकों को जगह देकर अतिक्रमण को बढ़ावा दे रहे हैं।
जिले का मुख्य बाजार होने के कारण यहां दिनभर वाहनों और लोगों की आवाजाही लगी रहती है। ऐसे में अतिक्रमण के कारण सड़कों पर सामान होने के कारण जहां दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है, वहीं वाहनों को पास लेने में भी समस्या होती है। वहीं मुख्य बाजार में सड़क के बीचोबीच मालवाहक वाहनों को खड़ा करके सामान लोड व अनलोड किया जाता है। इससे अक्सर जाम की समस्या बनी रहती है। हालांकि शहर में अतिक्रमण की समस्या को दूर करने के नगर परिषद हमीरपुर ने इससे पहले भी गांधी चौक, भोटा चौक, नादौन चौक, बस अड्डा पर निरीक्षण किया था और दुकानदारों को सड़क पर से सामान हटाने के लिए हिदायत दी गई थी, लेकिन अब त्योहारी सीजन के बाद कार्रवाई न होने के कारण अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद हैं।
नगर परिषद हमीरपुर के ईओ अमजेर सिंह ठाकुर ने कहा कि बाजार का निरीक्षण किया जाएगा। अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को जुर्माना लगाया जाएगा। जब टीम निरीक्षण के लिए निकलती है तो दुकानदार अतिक्रमण हटा लेते हैं और बाद में वही हालात हो जाते हैं लेकिन जल्द बैठक में इस मामले पर चर्चा कर उचित कार्रवाई की जाएगी।