पंजाबी अध्यापकों की नियुक्ति के लिए मुख्यमंत्री को ज्ञापन देने के लिए उपनिदेशक कार्यालय परिसर प
हमीरपुर। पंजाबी अध्यापक लंबे समय से प्रदेश की सरकार से पद भरने की गुहार लगा रहे हैं। अभी तक सरकार की ओर से स्कूलों में पंजाबी अध्यापकों के पद नहीं भरे गए हैं। शनिवार को पंजाबी अध्यापकों के पद भरने को लेकर अभ्यर्थियों ने प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि 2016 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने पंजाबी के 100 अध्यापकों को नियुक्त करने की अधिसूचना निकाली थी। इससे प्रदेश के सैकड़ों अभ्यर्थियों ने टेट की परीक्षा उत्तीर्ण की। मगर अभी तक प्रदेश सरकार की ओर से पंजाबी अध्यापकों की नियुक्ति नहीं की गई है। अभ्यर्थी रीता बाला, सोनिया आदि ने कहा कि सरकार की ओर से 2016 में पद भरने की अधिसूचना जारी की थी लेकिन अभी तक पंजाबी अध्यापकों की भर्ती नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू से भी इस बारे में प्रतिनिधिमंडल मिल चुका है। पंजाबी अध्यापकों के पद नहीं निकाले गए हैं। उन्होंने सरकार से जल्द से जल्द पंजाबी अध्यापकों के पद भरने की गुहार लगाई है।