सुजानपुर में भाजपा के चुनाव कार्यालय का शुभारंभ करते केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर
सुजानपुर (हमीरपुर)। ऐतिहासिक चौगान सुजानपुर के कला मंच पर शनिवार को भाजपा मंडल सुजानपुर महिला मोर्चा के सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कार्यकर्ताओं में लोकसभा चुनाव और विधानसभा उपचुनाव के लिए जोश भरा। अनुराग ठाकुर ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों को सम्मेलन में लोगों के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि चार जून को जब चुनावी नतीजे आएंगे तो केंद्र में तीसरी बार नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की मजबूत सरकार बनेगी और प्रदेश में भी भाजपा की सरकार बनेगी। पूर्व विधायक और उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र राणा ने कहा कि अनुराग ठाकुर को वोट देकर तीसरी बार पीएम मोदी को केंद्र में प्रधानमंत्री बनाने जा रहे हैं, जबकि सुजानपुर उपचुनाव में जीत हासिल कर प्रदेश में डबल इंजन की सरकार बनाएंगे। सुजानपुर को विकास के मोर्चे पर अग्रिम कतार में खड़ा करेंगे। सम्मेलन के बाद भाजपा का मंडल चुनाव कार्यालय का शुभारंभ भी किया गया है। सुजानपुर बाजार में पंजाब नेशनल बैंक सुजानपुर शाखा के द्वितीय धरातल पर पार्टी कार्यालय बनाया गया है। इस मौके पर जिला भाजपा अध्यक्ष देशराज शर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष विक्रम राणा, लोकसभा चुनाव सह प्रभारी सुमित शर्मा, मंडल महामंत्री जगन कटोच, अनिल कौशल, मीडिया प्रभारी सुधीर भटनागर, शहरी इकाई अध्यक्ष सुमन महाजन सहित तमाम कार्यकर्ता उपस्थित रहे।