नादौन (हमीरपुर)। कृषि विभाग नादौन में कार्यरत 38 वर्षीय युवा अधिकारी की वीरवार रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई। माना जा रहा है कि हृदय गति रुकने से अधिकारी की मौत हुई है। मृतक की पहचान विनोद कुमार निवासी गांव जजरोल बल्ह मंडी के तौर पर हुई है। विनोद कुमार कृषि विभाग नादौन के कार्यालय में एईओ (एग्रीक्लचर एक्सटेंशन ऑफिसर) के पद पर तैनात था। वह नादौन में किराये के मकान में रहता था।
वीरवार रात के समय अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई। उसे कराहते हुए जब पड़ोसी ने सुना तो वह उसे उपचार के लिए नादौन अस्पताल ले गए। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। रात करीब 12:00 बजे घटी इस घटना की सूचना अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने नादौन पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने विनोद के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर भेज दिया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मामला दर्ज करके छानबीन आरंभ कर दी है। उधर, पुलिस अधीक्षक हमीरपुर डॉ. आकृति शर्मा ने बताया कि नादौन में कृषि विभाग के एक अधिकारी की मौत होने की सूचना मिली है। पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।