हमीरपुर। थाना बड़सर के तहत गलू में पुलिस ने दो आरोपियों से 29 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। मामले में आरोपियों को रविवार को अदालत में पेश किया। आरोपियों को अदालत ने छह दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। कुछ दिन पूर्व भी गलू से ही बड़सर थाना पुलिस की टीम ने 100 ग्राम चिट्टा बरामद करने में सफलता हासिल की थी। पूर्व में पकड़े गए आरोपियों के तार अंतरराज्जीय नशा तस्कर गिरोह से जुड़े पाए गए थे। अब पकड़े गए आरोपियों के संपर्कों को भी पुलिस खंगाल रही है। बड़सर पुलिस ने गश्त के दौरान रजत शर्मा निवासी गांव लठवाल लदरौर तहसील भोरंज तथा अजीत सिंह निवासी गांव खुठारी तहसील भोरंज को पुलिस टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस टीम को देखकर भागने लगे लेकिन टीम ने उन्हें धर दबोचा। बड़सर थाना के कार्यकारी प्रभारी के नेतृत्व में एएसआई प्रवीण, मानक मुख्य आरक्षी राजेश और गृह रक्षक राकेश ने आरोपियों को धरा है। आरोपियों को थाना पुलिस ने अदालत में पेश किया है। जहां से उन्हें छह दिन की रिमांड पर भेजा है। जिले में पिछले कुछ दिनों से चिट्टा तस्करी के कई मामले पकड़े हैं। पुलिस इन सभी मामलों को एक दूसरे से जोड़ कर जांच रही है। वित्तीय लेनदेन और संपर्कों के आधार पर पूर्व में बाहरी राज्यों के तस्करों को दबोचा गया है। ऐसे में इस मामले में कुछ और गिरफ्तारियां होने की आशंका जताई जा रही है। एसपी हमीरपुर डाॅ. आकृति शर्मा ने कहा कि पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है। अदालत ने आरोपियों को छह दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है।
जाहू में पकड़ी 12 बोतल अंग्रेजी शराब
भोरंज (हमीरपुर)। थाना क्षेत्र के तहत जाहू में 12 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। पुलिस ने संजीव कुमार गांव व डाकघर द्वारपा तहसील सरकाघाट जिला मंडी से जाहू में 12 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. आकृति शर्मा ने की है।