मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में महिला वार्ड में एक बेड में दाखिल दो मरीज। (संवाद)
हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर में स्वास्थ्य सेवाएं पटरी से उतर रही हैं। इससे रोजाना मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गायनी वार्ड फुल होने से अस्पताल प्रशासन ने ठंड के मौसम में मरीजों के लिए बरामदे में बेड लगा रखे हैं। अब महिला सामान्य मेडिसन वार्ड भी भर गया है। यहां मरीजों के लिए 25 बेड लगाए गए हैं, जो फुल हैं। अब एक बेड पर दो-दो मरीज भर्ती किए गए हैं। इससे यहां पर मरीजों में संक्रमण फैलने की आशंका से भी इंकार नहीं किया जा सकता है। जिला हमीरपुर में हर रोज औसतन एक हजार मरीज अपना इलाज करवाने के लिए ओपीडी में आते हैं। यह मरीज हमीरपुर जिले के ही नहीं बल्कि दूसरे जिलों से भी इलाज करवाने के लिए पहुंचते हैं। मरीज इस भरोसे से इलाज करवाने के लिए आते हैं कि यहां पर दूसरे अस्पतालों की अपेक्षा बेहतर इलाज होता है। मेडिकल कॉलेज प्रशासन मरीजों के लिए पूरे बेडों की व्यवस्था नहीं कर पा रहा है। स्थानीय लोगों अनिल सोनी, प्रदीप शर्मा, प्रदीप ठाकुर, माया शर्मा, विमला सोनी, रेश्मा पठानिया और सुनील शर्मा आदि ने कहा कि अस्पताल में मरीजों के लिए प्रशासन को अलग-अलग बेडों की व्यवस्था करनी चाहिए। मरीजों के लिए बेहतर इलाज की सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए। उधर, मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के प्रधानाचार्य डॉ. रमेश भारती ने कहा कि इस बारे में मेडिसन विभाग के एचओडी से बात की जाएगी। मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं लेकिन पुराना भवन होने और जगह के अभाव के चलते थोड़ी दिक्कतें पेश आ रही हैं।