मेडिकल कॉलेज के वार्डों के बाहर पंखे न होने से छूट रहे पसीने
ओपीडी के बाहर भी नहीं हैं पंखे
डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में मरीजों का बढ़ रहा मर्ज
गर्मियों के सीजन में तीमारदार और मरीज हो रहे परेशान
ओपीडी के बाहर लगी रहती है कतारें, अधिक लोग होने से और बढ़ता है तापमान
संंवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के विभिन्न वार्डों और ओपीडी के बारह पंखे न होने से मरीजों का मर्ज बढ़ रहा है। तीमारदारों के भी पसीने छूट रहे हैं। गर्मियों के इस मौसम में जब मरीज और तीमारदार बाहर से आते हैं तो वार्ड के अंदर और बाहर गर्मी का सामना करना पड़ता है। अस्पताल में ओपीडी के बाहर मरीजों की कतारें लगी रहती हैं लेकिन यहां पंखे नहीं लगाए गए हैं। कतारों में अधिक लोग होने से वहां तापमान और बढ़ जाता है। अस्पताल के किसी भी हिस्से में पंखे नहीं लगे हैं। सबसे अधिक दिक्कत मेडिसिन ओपीडी, ऑर्थो और नेत्र रोग ओपीडी के बाहर होती है। यहां सबसे अधिक भीड़ होती है और दिनभर कतारें लगी रहती हैं। तीमारदारों शिवम, तिलक, अक्षय, लीला, गायत्री, नीलम, धमेंद्र, नीना आदि ने कहा कि इतना बड़ा अस्पताल है और ओपीडी के बाहर एक भी पंखा नहीं है। जबकि, अधिकारियों के कमरे में एसी लगे हैं। मरीजों की सहूलियत के लिए सभी ओपीडी व वार्डों के बाहर पंखे लगाए जाने चाहिए ताकि मरीजों को गर्मी के मौसम में परेशानी न हो। वहीं, विभिन्न वार्डों के बाहर तीमारदार भी बैठते हैं। पंखे न होने से मरीजों और तीमारदारों को परेशानी होती है। इस बारे में मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रमेश भारती ने कहा कि अस्पताल की नया भवन बन रहा है। यहां मरीजों को हर सहूलियत मिलेगी।