तकनीकी विवि की मांगों को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपते विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। एबीवीपी ने शनिवार को तकनीकी विश्वविद्यालय लंबित पड़ी मांगों पर एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को ज्ञापन भेजा है। विद्यार्थी परिषद 13 फरवरी से आंदोलन कर रही है। आंदोलन जिले के सभी महाविद्यालय इकाइयों के केंद्रों पर चलाया जा रहा है। जिला संयोजक अनिल ठाकुर ने कहा कि तकनीकी विश्वविद्यालय जिला हमीरपुर के अंदर चल रहा है। लेकिन प्रदेश सरकार अब तक विद्यार्थियों को सुविधाएं तथा अच्छी शिक्षा उपलब्ध नहीं करवा पाई है। विद्यार्थी परिषद विश्वविद्यालय में शिक्षक और गैर शिक्षकों की नियमित भर्ती, फीस कम करने, सब्सिडाइज और नॉन सब्सिडाइज सीटों की व्यवस्था करने की मांग कर रहा है। अनिल ठाकुर ने कहा कि अब तक तकनीकी विश्वविद्यालय प्रशासन तथा प्रदेश सरकार के कानों तक विद्यार्थी परिषद की आवाज शायद नहीं पहुंच पाई। इसी संदर्भ में एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है। यदि फिर भी प्रदेश सरकार नहीं जागती है तो विद्यार्थी परिषद उग्र आंदोलन करेगी।