लदेड़ा में दो मंजिला स्लेटपोश मकान के कारण मलबे में दबे सामान को निकालते परिवार सदस्य। संवाद
भोरंज(हमीरपुर)। ग्राम पंचायत लुदर महादेव के अंतर्गत गांव लदेड़ा में मंगलवार को दो मंजिला स्लेटपोश मकान ढह गया, जिससे गरीब परिवार को तीन लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। पीड़ित जसपाल सिंह ने कहा कि सुबह 6:30 बजे के करीब वह अपने दैनिक कार्यों में लगे हुए थे। इसी बीच उनका दो मंजिला स्लेटपोश मकान अचानक जमींदोज हो गया। हादसे के समय परिवार के सदस्य मकान के बाहर थे अन्यथा बड़ी दुघर्टना घटित हो सकती थी। मकान गिरने के बाद परिवार को ग्रामीणों ने सहारा दिया और उन्हें अस्थायी तौर पर गांव में ही ठहराया गया है। ग्राम पंचायत लुदर महादेव की प्रधान नीलम कुमारी ने बताया कि परिवार बीपीएल श्रेणी से संबंधित है। ऐसे में इस हादसे ने उनके सामने भारी संकट खड़ा कर दिया है। प्रधान ने प्रशासन से आग्रह किया है कि प्रभावित परिवार को शीघ्र राहत प्रदान की जाए।