बड़सर (हमीरपुर )। ग्राम पंचायत रैली के वार्ड नंबर-सात भटेड़ गांव में लावारिस कुत्तों के झुंड ने मंगलवार सुबह जंगल में घास चर रही दो बकरियों पर हमला कर मौत के घाट उतार दिया। इस घटना ने पूरे गांव में भय और असुरक्षा की स्थिति पैदा कर दी है। ग्रामीण रोजाना की तरह अपने पशुओं को भटेड़ गांव के जंगल में चराने ले गए थे। इसी दौरान लावारिस कुत्तों के एक झुंड ने अचानक हमला कर दिया। सुरेश कुमार, रम्पी, चौधरी राम, कवि, लक्की, धर्मपाल, जगदीश, आशा देवी, सुलोचना, कांता, रीना ने बताया कि पिछले कुछ समय से गांव में लावारिस कुत्तों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि ये कुत्ते कई बार राह चलते लोगों, बच्चों और पशुओं पर झपट पड़ते हैं जिससे सभी लोग दहशत में हैं। ग्रामीणों ने पंचायत और जिला प्रशासन से मांग की है कि लावारिस कुत्तों को नियंत्रित करने के लिए तुरंत प्रभावी कदम उठाए जाएं। वही ग्राम पंचायत रैली के प्रधान राजेश सहगल ने बताया कि मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार को बकरियों का पोस्टमार्टम करवाने के लिए कहा गया है ताकि उन्हें सहायता प्रदान की जा सके।