डिडवीं टिक्कर (हमीरपुर)। पुलिस चौकी भोटा के तहत गांव डिडवीं के शिव दुर्गा मंदिर परिसर में एक स्कूटी चोरी होने का मामला सामने आया है। स्कूटी के मालिक श्याम सुंदर ने कहा कि रात को मंदिर के पास स्कूटी खड़ी की थी और जब सुबह स्कूटी लेने आया तो देखा कि स्कूटी वहां पर नहीं थी। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला गया तो देखा कि कोई व्यक्ति रात के 1:30 बजे स्कूटी को ले जा रहा है। उस व्यक्ति ने अपने मुंह पर कपड़ा लपेट रखा था। इस वजह से उसकी पहचान सीसीटीवी में नहीं हो पाई। स्कूटी के मालिक श्याम शर्मा ने इसकी शिकायत पुलिस चौकी भोटा में दर्ज करवाई। पुलिस छानबीन में जुट गई। पुलिस प्रभारी राजेश शर्मा ने कहा कि अभी तक इस बारे में कोई पता नहीं चला है और पुलिस छानबीन कर रही है।