बड़सर (हमीरपुर)। घरयाणी गांव में आठ मार्च को श्मशानघाट तोड़ने के मामले को लेकर प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम बड़सर स्वाति डोगरा से मुलाकात कर अपनी समस्या को उनके समक्ष रखा। श्मशानघाट को तोड़ने वाले आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई न होने से ग्रामीणों में भारी रोष है। ग्रामीणों का आरोप है कि विरोध करने के बावजूद प्रशासन द्वारा केवल एफआईआर दर्ज की गई, लेकिन अभी तक आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। मंगलवार को प्रतिनिधिमंडल डीएसपी बड़सर से भी मिला। प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों के समक्ष अपनी नाराजगी जताते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि श्मशानघाट अब भी क्षतिग्रस्त हालत में है, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एसडीएम स्वाति डोगरा ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। संवाद