फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जन सेवा डिलीवरी हेल्पलाइन होगी स्थापित

Wed, 29 Oct 2014 05:33 AM IST
Hamirpur
विज्ञापन
विज्ञापन
भोटा (हमीरपुर)। प्रदेश के लोगों के लिए जन सेवा डिलीवरी हेल्पलाइन स्थापित होगी ताकि लोगों की समस्याओं का समयबद्ध निदान सुनिश्चित किया जा सके। यह बात मुख्य संसदीय सचिव इंद्र दत्त लखनपाल ने भोटा में लोगों की समस्याएं सुनने के बाद कही। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास विभाग के माध्यम से चल रही विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों का सुचारू कार्यान्वयन सुनिश्चित करने के लिए नियमित तौर पर समीक्षा बैठकें ब्लॉक तथा जिला स्तर पर आयोजित की जाएं। इसके साथ ही अधिकारी विकास कार्यों का मौके पर जाकर निरीक्षण करना सुनिश्चित करें ताकि निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध पूरा किया जा सके। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि ग्रामीण विकास, पंचायती राज तथा पशुपालन विभाग सीधे तौर पर ग्रामीण विकास के साथ जुड़े हुए हैं। इन विभागों के अधिकारियों को सभी योजनाओं एवं कार्यक्रमों का सुचारू कार्यान्वयन सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने समाज कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान करने के दृष्टिगत सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, राजीव आवास योजना, विधवा पुनर्विवाह योजना आदि की अनुदान राशि में बढ़ोतरी की है ताकि गरीब तथा निर्धन लोगों का उत्थान सुनिश्चित किया जा सके। इससे पहले मुख्य संसदीय सचिव ने भोटा नगर पंचायत में विकास कार्यों की समीक्षा भी की तथा नगर पंचायत के अधिकारियों को लोगों से जुड़े कार्यों के त्वरित समाधान के लिए उचित कदम उठाने के दिशा-निर्देश भी दिए गए। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष सर्वजीत कौर, उपाध्यक्ष देशराज शर्मा, पार्षद राजकुमार, सरोज कुमारी, वीना कुमारी, लता कुमारी, अश्वनी सोनी, पवन कुमार, अंजना शर्मा सहित मनोनीत पार्षद सुशील कुमार शर्मा, रिंका देवी व सुरेश कुमार उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें