हमीरपुर। जिला हमीरपुर के सावित्री पब्लिक स्कूल की छात्रा ने डाक टिकट डिजाइन प्रतियोगिता में देशभर में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय से निर्देशों के अनुसरण में डाक निदेशालय के फिलैटली अनुभाग ने 8 सितंबर से 20 सितंबर 2017 तक पूरे राष्ट्र में घोंसला विषय पर डाक टिकट डिजाइन प्रतियोगिता का आयोजन किया था। प्रतियोगिता के अंतर्गत कक्षा पांचवीं तक के विद्यार्थी तथा कक्षा छठी से दसवीं तक के विद्यार्थी पात्र थे। इस प्रतियोगिता में हमीरपुर मंडल के अधीन अधिकतर स्कूलों के बच्चों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में सावित्री पब्लिक स्कूल हमीरपुर की छात्रा कुमारी कृतिका ठाकुर ने पूरे देश भर में वर्ग कक्षा छठी से दसवीं तक में प्रथम स्थान प्राप्त किया है और 10, 000 रुपये की इनामी राशि जीती है। प्रवर अधीक्षक डाकघर हमीरपुर मंडल भवानी प्रसाद ने सभी स्कूलों के अध्यापकों व अभिभावकों से आह्वान किया है कि डाक विभाग द्वारा नियमित अंतराल के बाद आयोजित ऐसी प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों को भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करते रहें।