प्रारंभिक शिक्षा विभाग हमीरपुर में टीजीटी मेडिकल के साक्षात्कार लेते अधिकारी। (संवाद)
हमीरपुर। प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय परिसर हमीरपुर में मंगलवार को टीजीटी मेडिकल के 172 पदों पर बैचवाइज भर्ती के लिए साक्षात्कार लिए गए। साक्षात्कार प्रक्रिया में टीजीटी मेडिकल के 123 अभ्यर्थियों को कॉल लेटर जारी किए गए थे। इनमें से 87 अभ्यर्थियों ने मूल्यांकन प्रक्रिया में पहुंचकर दस्तावेजों का मूल्यांकन करवाया।
साक्षात्कार प्रक्रिया कार्यालय परिसर में सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित हुई। अभ्यर्थियों ने क्रमबद्ध तरीके से अपने अपने दस्तावेजों की जांच करवाई। उधर, जिला हमीरपुर में प्रारंभिक शिक्षा विभाग के उपनिदेशक अशोक कुमार ने कहा कि जिले के सभी रोजगार कार्यालयों की ओर से प्रस्तुत नामों के आधार पर पात्र उम्मीदवारों को कॉल लेटर भेज दिए थे। उन्होंने कहा कि साक्षात्कार में चयनित अभ्यर्थियों की सूची शिक्षा निदेशालय भेजी जाएगी। शिक्षा निदेशालय से चयनित अभ्यर्थियों की मेरिट सूची जारी होगी।