भोरंज (हमीरपुर)। मिनी सचिवालय भोरंज में सोमवार को नो पार्किंग जोन में बेतरतीब ढंग से खड़े नौ वाहनों के चालान काटे गए। मिनी सचिवालय में गेट के सामने बेतरतीब ढंग से 9 से 10 वाहन खड़े थे। इससे सचिवालय में आने जाने का रास्ता भी अवरुद्ध हो गया था। गाड़ियां भी बड़ी मुश्किल से आ-जा रही थीं। वहीं पैदल चलने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके साथ जब भोरंज एसडीएम संदीप सूद फील्ड में जाने के लिए गेट के पास पहुंचे तो उनकी गाड़ी भी मुश्किल से बाहर निकल पाई। इस पर उन्होंने भोरंज पुलिस को सूचना दी। भोरंज पुलिस ने एसडीएम की शिकायत पर सचिवालय में आकर 9 बेतरतीब और नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों के चालान काटे। इस संबंध में पुलिस थाना प्रभारी भोरंज कुलवंत ने कहा कि एसडीएम भोरंज की शिकायत पर भोरंज पुलिस ने बेतरतीब ढंग से नो पार्किंग जोन में खड़े 9 वाहनों के चालान किए हैं।