हमीरपुर। राजकीय महाविद्यालय इंदौरा में आयोजित अंतर महाविद्यालय जूडो प्रतियोगिता में राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर ने उपविजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया है। कॉलेज के शारीरिक शिक्षा के प्रवक्ता डॉ. पवन वर्मा ने कहा कि राजकीय महाविद्यालय इंदौरा में जूडो प्रतियोगता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्रदेश भर के लगभग 150 खिलाड़ियों ने भाग लिया। राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर के खिलाड़ियों ने इस प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करते हुए पुरुष वर्ग में उपविजेता ट्रॉफी जीती है। हमीरपुर महाविद्यालय के विकास कुमार ने 60 किलोग्राम में स्वर्ण, कृष्ण कुमार ने 100 किलोग्राम वर्ग में रजत तथा राजीव व अंकुश ने 56 किलोग्राम और ओपन वेट वर्ग में कांस्य पदक जीता। टीम का महाविद्यालय पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। प्रधानाचार्य एचएस जंवाल ने विजेता खिलाड़ियों, टीम मैनेजर प्रो. नरेश कुमार व शारीरिक शिक्षा प्रवक्ता डॉ. पवन वर्मा को बधाई दी।