जाहू(हमीरपुर)। अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संस्था की मंडी और बिलासपुर इकाई की तरफ से जाहू में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 57 लोगों ने रक्तदान किया। शिविर का आयोजन संस्था के अध्यक्ष कुलजीत सिंह व उपाध्यक्ष विपिन चंदेल और मंडी के जिला महासचिव अशोक ठाकुर की अध्यक्षता में किया गया। इस मौके पर तेज सिंह, राजेंद्र शर्मा, नीरज जसवाल व राज्य सचिव राहुल चौहान भी उपस्थित रहे। रक्तदान शिविर का शुभारंभ जिला बिलासपुर के संगठन सचिव ज्योति कश्यप ने किया। रक्तदान शिविर में बिलासपुर अस्पताल से डॉ. प्रियंका चोपड़ा, सुरेश कुमार, श्याम लाल, कमल किशोर मेहता, मनोज कुमार व श्यामलाल उपस्थित रहे। इस मौके पर संस्था की बैठक भी आयोजित की गई। जिसमें वर्ष 2018 में किए जाने वाले कार्यों की रूपरेखा तैयार की गई। इस दौरान तय किया गया कि अगले वर्ष भी जाहू में 14 जून को रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा।