सुजानपुर (हमीरपुर)। उपमंडल की ग्राम पंचायत भटपुरा में वीरवार सुबह एक कमरे की पशुशाला जलकर राख हो गई। आग लगने के कारणों का पता नहीं लग सका है। इस घटना से पीड़ित को 30 हजार रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। अशोक कुमार पुत्र रतन लाल की गोशाला में वीरवार सुबह अचानक आग लग गई। परिवार सदस्यों के चिल्लाने पर आसपड़ोस के लोग मौके पर इकट्ठा हुए और आग पर काबू पाया। तहसीलदार सुजानपुर अशोक पठानिया ने कहा कि अग्निकांड में जानमाल का कोई भी नुकसान नहीं हुआ है लेकिन इस घटना में पशुशाला में रखा सामान और एक कमरे की पशुशाला जल गई है। इससे करीब तीस हजार रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि हलका पटवारी को मौके पर भेजा गया है। पीड़ित परिवार को उचित राहत राशि प्रदान की जाएगी।