सुजानपुर(हमीरपुर)। नगर परिषद सुजानपुर में गृहकर में दी गई 20 फीसदी की छूट का नगर परिषद के साथ गृहकर मालिकों को फायदा मिल रहा है। नगर परिषद में करीब एक सप्ताह में 5 लाख के करीब गृहकर के रूप में धनराशि जमा हो गई है। नगर परिषद सुजानपुर ने गृहकर के वित्तीय वर्ष के बिलों की रखी गई समय अवधि पर बीस प्रतिशत छूट रखी है। यह छूट बकाया धनराशि पर लागू नहीं होगी। छूट के चलते एक दिन में करीब 70 हजार रुपये एकत्रित हो रहे हैं। करीब एक सप्ताह पूर्व नगर परिषद ने बिलों का वितरण शुरू कर दिया है। जिसे लेकर प्रतिदिन बिल प्राप्ति पर गृहकर मालिक गृहकर जमा करवाने पहुंच रहे हैं। जिससे नगर परिषद सुजानपुर को धन जमा हो रहा है जो कि विकास कार्यों पर खर्च होगा। नगर परिषद लोगों को बिल जारी करने के बाद एक माह तक छूट दे रहा है। इस संबंध में नगर परिषद के ईओ केएल ठाकुर का कहना है बिल वितरित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पांच लाख रुपये की धनराशि गृहकर के रूप में जमा हो चुकी है।