सड़क का कार्य अधूरा छोड़ने पर भड़के व्यापारी
सलौणी मार्ग पर पेवर टाइलें लगाने का कार्य लटका
शेष हिस्से पर सड़क को उखाड़ कर नहीं की गई मरम्मत
अमर उजाला ब्यूरो
सलौणी (हमीरपुर)। सलौणी कस्बे के गलोड़ रोड पर स्थित लोअर बाजार के व्यापारियों ने लोक निर्माण विभाग बड़सर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सड़क का काम अधूरा छोड़ने पर व्यापारियों में काफी रोष है। सड़क की दुर्दशा के कारण व्यापारियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। सलौणी गलोड़ सड़क के दो सौ मीटर हिस्से पर पेवर टाइलें बिछाने का प्रस्ताव पारित था, लेकिन लोक निर्माण विभाग ने केवल 110 मीटर सड़क का टेंडर करके आनन-फानन में काम करवा दिया। इससे लोअर बाजार के व्यापारी भड़क गए। व्यापारियों के विरोध को देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने आगे की शेष 90 मीटर सड़क पर भी जेसीबी से खुदाई करवा दी और इसे पक्का करके टाइलें लगवाने का आश्वासन दिया, लेकिन अब 110 मीटर सड़क का काम खत्म हो जाने पर भी विभाग 90 मीटर खुदाई किए हुए हिस्से पर निर्माण कार्य करने में आनाकानी कर रहा है। लोअर बाजार के सदस्यों अशोक ठाकुर, जितेेंद्र धीमान, सुरेश कुमार, पृथ्वी चंद, अनूप कुमार, जगदीश चंद, बलदेव कुमार, छोटू राम, रजनीश चौहान, सुरेश शर्मा आदि ने कहा कि करीब 15 दिन पहले इस 90 मीटर हिस्से की विभाग ने खुदाई करवा दी थी लेकिन अभी तक यहां पर काम शुरू नहीं करवाया है। व्यापारियों ने लोक निर्माण विभाग को दो दिन का अल्टीमेटम दिया हैै। उन्होंने कहा की अगर दो दिन तक विभाग ने इस 90 मीटर सड़क पर टाइलें बिछाने का कार्य शुरू नहीं किया तो उन्हें मजबूरन आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा। इसकी जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग की होगी। उन्होंने कहा कि दो दिन में कार्य नहीं हुआ तो वह चक्का जाम और धरना प्रदर्शन करने से गुरेज नहीं करेंगे। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग बड़सर के सहायक अभियंता अरविंद लखनपाल का कहना है कि पहले केवल 110 मीटर सड़क का टेंडर हुआ था, जिसका कार्य अंतिम चरण में है। उन्होंने कहा कि अगले 90 मीटर हिस्से का अलग से टेंडर करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द काम शुरू करवा दिया जाएगा।