चैत्र मास के मेलों में बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध परिसर में 61 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। चैत्र माह के मेलों के दौरान दियोटसिद्ध क्षेत्र में 275 पुलिस जवान एवं होमगार्ड तैनात रहेंगे। दियोटसिद्ध परिसर में पुलिस एवं प्रशासन की चप्पे-चप्पे पर नजर रहेगी।
बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में सोमवार से चैत्र मास के मेले शुरू होने जा रहे हैं। मेलों में पंजाब एवं अन्य राज्यों से भारी संख्या में श्रद्धालु गुफा दर्शन और माथा टेकने आते हैं। दियोटसिद्ध मंदिर न्यास एवं पुलिस प्रशासन ने पुख्ता प्रबंध किए हैं। चैत्र माह मेले में मंदिर की सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 275 पुलिस एवं होमगार्ड के जवान तैनात किए हैं जिसमें 150 होम गार्ड तैनात रहेंगे।
मंदिर पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रहेगी। दियोटसिद्ध मंदिर परिसर व आसपास किसी भी अप्रिया घटना से निपटने के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहेगा। जिला प्रशासन ने पुलिस बल और होमगार्डों के जवानों के अलावा खुफिया विभाग के कर्मचारी भी तैनात हैं।
डीएसपी ने लिया जायजा
डीएसपी बड़सर राजेंद्र जसवाल ने दियोटसिद्ध में सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधों का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस के जवानों को आदेश दिए कि हर किसी को मंदिर के नियमों का पालन करना होगा। बिना परमिट किसी भी गाड़ी को आने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर को 24 घंटे खुला रखा जाएगा। मंदिर में मेलों के दौरान न्यास प्रशासन ने 45 सीसीटीवी कैंमरे और पुलिस प्रशासन ने 16 सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं। मंदिर परिसर को चार सेक्टरों में बांटा गया है। प्रत्येक सेक्टर में अधिकारी के तौर पर नायब तहसीलदार तैनात है।
दियोटसिद्ध में मेलों के दौरान तीन कंट्रोल रूम, तीन बैरियर एवं मंदिर में प्रवेश करने वाले दोनों मुख्य गेटों पर तीन मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं। मंदिर परिसर में हथियार और विस्फोटक की जांच के लिए आधुनिक उपकरण मुहैया करवाए गए हैं।
डीएसपी बड़सर राजेंद्र जसवाल ने बताया कि मेलों में किसी अप्रिय घटना या स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने पुख्ता प्रबंध किए हैं। उन्होंने कहा कि चैत्र मास के मेलों में सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को लेकर कोई समझौता नहीं होगा।