दीन दयाल उपाध्याय बीएड कॉलेज मैहरे में रक्तदान करते युवाओं का उत्साह बढ़ाते विधायक व राज्यसभा स
बड़सर(हमीरपुर)। दीन दयाल उपाध्याय कॉलेज मैहरे में शनिवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के युवाओं और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की तथा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। यह रक्तदान शिविर एम्स बिलासपुर के सौजन्य से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राम रत्न शर्मा, इंद्रदत्त लखनपाल तथा आशीष सिंह ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। शिविर में 50 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। इस मौके पर मुख्यातिथि डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है, जो किसी व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है। कॉलेज प्राचार्य डॉ. सीमा शर्मा ने कहा कि कॉलेज हर वर्ष नियमित रूप से रक्तदान शिविर का आयोजन करता है। संवाद