नादौन (हमीरपुर)। उपमंडल में बहने वाली ब्यास नदी और अन्य खड्डों में अवैध खनन करने वालों पर प्रशासन ने शिकंजा कस दिया है। नदी और खड्डों में अवैध रूप से वाहन ले जाने के लिए बनाए गए चोर रास्तों को प्रशासन ने शुक्रवार को जेसीबी की सहायता से उखाड़ दिया। एसडीएम नादौन के दिशा-निर्देश पर जिला खनन अधिकारी हरविंद्र सिंह के नेतृत्व में पहुंची टीम ने इन स्थानों पर खनन करके सामग्री ढोने वाले वाहनों के सभी रास्ते बंद कर दिए हैं। अधिकारियों ने ब्यास नदी तथा विकास खंड नादौन में बहने वाली खड्डों से रेत-बजरी तथा पत्थरों को ट्रैक्टरों में भरकर लाने वाले सभी गुप्त रास्तों की पहचान करके वहां पर जेसीबी से गहरे गड्ढे खोद दिए ताकि, कोई भी वाहन इन रास्तों से खनन की गई सामग्री को न ले जा सके। यह प्रक्रिया ब्यास नदी, कुणाह तथा मान खड्ड को जाने वाले सभी रास्तों पर अपनाई गई। खनन अधिकारी ने बताया कि एसडीएम नादौन के निर्देशों पर यह कदम उठाया गया है। विभाग अवैध खनन करने वालों पर पैनी नजर रखे हुए है। वहीं, एसडीएम दिलेराम धीमान ने कहा कि हाईकोर्ट के आदेशों की पालना करते हुए खनन विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि वह अवैध खनन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करे। अवैध खनन की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं, जिसके चलते अवैध खनन करने वालों के सभी गुप्त रास्तों को बंद कर दिया गया है।